न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : शिक्षा विभाग द्वारा त्रुटिपूर्ण पेंशन मामलों की संख्या में कमी लाने तथा पेंशन प्रकरणों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में प्रधान महालेखाकार, बिहार सहित राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) एवं सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान पेंशन मामलों के निष्पादन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके प्रभावी समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पेंशन मामलों के निष्पादन के दौरान होने वाली त्रुटियों को न्यूनतम करना, प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित करना था।
शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से पेंशन मामलों के निष्पादन में विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा लंबित एवं त्रुटिपूर्ण मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का आग्रह किया। विभाग का उद्देश्य पेंशन संबंधी मामलों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए सेवानिवृत्त कर्मियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
