न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार / मुंगेर : मुंगेर न्यायालय परिसर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां किला परिसर स्थित न्यायालय के प्रथम तल पर शनिवार सुबह कोर्ट खुलने से पहले अचानक भीषण आग लग गई। आग ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी किरण कुमारी के कार्यालय और फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट के चैंबर तक पहुंच गई। देखते ही देखते कार्यालय में रखी फाइलें और महत्वपूर्ण दस्तावेज आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कई अहम दस्तावेज जलकर राख हो गए हैं। आगलगी के बाद कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखी कई महत्वपूर्ण फाइलें, न्यायिक दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद न्यायालय प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और नष्ट हुए दस्तावेजों की सूची तैयार की जा रही है। वहीं, आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच भी जारी है।
