Voice of Eastern India

घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं… तीन दिन बाद मिला वृद्धा का शव, गांव में सनसनी


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

राहुल कुमार / शेरघाटी –  इमामगंज प्रखंड के बभंडी गांव में तीन दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 65 वर्षीय कैलाश देवी, पति जगन रविदास, निवासी बभंडी गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कैलाश देवी तीन दिन पहले वृद्धा पेंशन से संबंधित कार्य के सिलसिले में घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार तीन दिनों तक परिवार के लोग उनकी खोज में जुटे रहे, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।

हाईलाइट्स –

  • इमामगंज के बभंडी गांव में तीन दिनों से लापता 65 वर्षीय कैलाश देवी का शव बरामद।
  • वृद्धा पेंशन संबंधी कार्य से घर से निकली थीं, वापस नहीं लौटी थीं।
  • गांव के एक मकान के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
  • पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार।
  • परिजनों के अनुसार मृतका लंबे समय से सांस और चक्कर की बीमारी से पीड़ित थीं।
  • मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा

गांव के मकान के पास मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के एक मकान के समीप एक महिला का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कैलाश देवी के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। मृतका के पति जगन रविदास ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से सांस फूलने और चक्कर आने की बीमारी से पीड़ित थीं। कई बार अचानक उनकी तबीयत बिगड़ जाती थी। उन्होंने कहा कि परिवार ने हर संभव जगह तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। कैलाश देवी अपने पीछे पति के अलावा दो पुत्र जितेंद्र रविदास और जोगिंदर रविदास को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

घटना की सूचना मिलने पर इमामगंज थाना की पुलिस प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 इसे भी पढ़ें – खान सर कोचिंग विवाद में बड़ा ट्विस्ट! वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन, दो लोग पूछताछ के लिए हिरासत में

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.