न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार / मुंगेर : मुंगेर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार तड़के जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फुल्का स्थित जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास सहित तीन स्थानों पर छापेमारी शुरू की। ईडी की टीम दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिटफंड की तर्ज पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये निवेश कराने और बाद में रकम लेकर फरार होने का आरोप है। 18 नवंबर 2024 को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगाकर संचालकों के फरार होने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कांड संख्या 224/24 दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि कंपनी ने लोगों से करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई और कार्यालय बंद कर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन कंपनी के निदेशक और अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
बाद में पुलिस के दबाव के बीच कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव ने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था और तब से वे न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। अब ईडी इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग, निवेशकों के पैसों के इस्तेमाल और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल ईडी की छापेमारी और जांच जारी है।
