न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना : आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अजीत अमर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने शुक्रवार सुबह अजीत अमर के 4 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में की गई है।
जानकारी मिली है कि सीवान के रैनी गांव में पैतृक और निजी आवास। सहरसा के नया बाजार स्थित किराए के घर और सरकारी ऑफिस। छपरा की गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर ये छापेमारी जारी है। EOU की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय से 62 लाख 20 हजार 550 रुपए अधिक की संपत्ति अर्जित की है। जांच एजेंसी के अनुसार यह उनकी वैध आय की तुलना में लगभग 72.35 प्रतिशत अधिक है।
अजीत अमर 6 महीने पहले छपरा से ट्रांसफर होकर यहां आए हैं। छपरा में भी पोस्टिंग के दौरान भी अजीत पर गंभीर आरोप लगे थे। 32 महीने की नौकरी में उसके और पत्नी के खाते में 2 करोड़ 51 लाख 6 हजार 562 रुपए का लेन-देन मिला था। इस आरोप के बाद जांच सही तरीके से चले इसके लिए उनकी पोस्टिंग सहरसा की गई थी।
एक महीने पहले DPO अजीत कुमार अमर पर आय से अधिक संपत्ति और रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में बड़ा खुलासा हुआ था। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी थी, इसमें करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन और संपत्ति अर्जित करने की बात सामने आई थी।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, DPO अजीत कुमार की सारण में 32 महीने की नौकरी के दौरान टोटल सैलरी 27 लाख 43 हजार 40 रुपए थी। इसी अवधि में उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों में टोटल 2 करोड़ 51 लाख 6 हजार 562 रुपए का लेन-देन पाया गया है।
