न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के खगड़िया जिले में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी मिली है कि अपराधियों ने एक घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों पर हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है। इस हमले में परिवार की एक महिला सदस्य की मौत हो गई। चौथम थाना इलाके के कररुआमोड़ में देर रांत करीब एक बजे अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जमीन विवाद की संभावना
इस घटना में बेटी की मौत हो गई है, जबकि पिता और माता सहित तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। मृतका घटना में घायल हुए जयकांत पासवान की पुत्री अर्चना कुमारी (25) बताई जा रही है। वहीं घटना में जयकांत पासवान, उसकी पत्नी पार्वती देवी के अलावा नतिनी परी कुमारी घायल हैं। घटना का कारण कुछ लोग जमीन विवाद बता रहे हैं, फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
हथौड़े से हमला
जानकारी मिली है कि 4-5 आदमी आए और जब दरवाजा खोल कर उनसे पूछा गया कि क्या बात है, तब वो लोग अचानक घर में घुस गए और इन लोगों ने धारदार हथियार से परिवार के सभी सदस्यों पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार और हथौड़े से हमला किया। इसी बीच घायल परी कुमारी घर से भाग कर वहां एक चौकीदार के पास पहुंची और उनसे उसे घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस मौके पहुंची और सभी घायलों को चौथम सीएचसी लाया गया। वहां अर्चना कुमारी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं उसके पिता जयकांत पासवान, माता एवं बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जयकांत पासवान व उसकी पत्नी को रेफर कर दिया गया।
एफएसएल की टीम ने शुरू की जांच
घटना के बाद प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वही सोमवार की सुबह सदर एसडीपीओ घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच थी और टीम के सदस्यों ने घटना की जांच की है। इधर सदर एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि घटना का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना की विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
