न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
संजय श्रीवास्तव / आरा : टाउन थाना क्षेत्र इलाका स्थित नदी में किशोर के डूबने व दूसरे दिन शव बरामद नहीं होने पर स्थानीय लोगो का आक्रोश भड़क उठा। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने सिंडिकेट के समीप सड़क जाम कर आगजानी भी की। बता दें की एक दिन पहले नदी में नहाने के दौरान किशोर के डूबने के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया है।
शहर के टाउन थाना क्षेत्र के बरहबतरा स्थित नदी में नहाने के दौरान एक किशोर डूब गया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। किशोर को डूबता देख उसके दोस्तों द्वारा शोर मचाना शुरू किया गया। तब जाकर आसपास के लोग भारी संख्या में वहां इकट्ठा हुए।
इसके बाद सूचना पाकर परिजन भी वहां पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। तब एसडीआरएफ की टीम वहां पहुंची और दोपहर से ही एसडीआरएफ की टीम द्वारा उसकी खोज को लेकर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है लेकिन रविवार शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, लापता किशोर टाउन थाना क्षेत्र के बरहबतरा मोहल्ला वार्ड नंबर 3 निवासी मो. शमीम अंसारी का पुत्र मो. सद्दाम (17) है। वह आठवीं कक्षा का छात्र है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की दोपहर वह मोहल्ले के ही दोस्तों के साथ बरहबतरा स्थित नदी किनारे नहाने गया था। जहां नहाने के दौरान पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूब गया।
