न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राजीव कुमार / पूर्णिया: धमदाहा थाना क्षेत्र के चंदरही बहियार में आज दोपहर दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिग बच्चों की नहाने के दौरान नदी में डूबने से मौत हो गई। तीनों मृतक बच्चे ठाढ़ी राजो पंचायत के वार्ड नंबर 09 स्थित शंकर चौक महादलित टोला के निवासी थे। तीनों बच्चे भवेसा धार में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
चंदरही ईंट भट्ठा के सामने स्थित भवेसा धार में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे तीनों बच्चे नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों में मिठानी कुमार, राहुल कुमार और हैप्पी कुमार शामिल हैं। तीनों बच्चे आपस में दोस्त बताए जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही धमदाहा एसडीओ अनुपम थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया।प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।
