न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी – गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी कट्टा, दो मिसफायर कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया पर हथियार लहराने, हर्ष फायरिंग और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 4 जून को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ युवक अवैध हथियार का प्रदर्शन करते दिखाई दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
हाईलाइट्स –
- इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई।
- 24 घंटे के भीतर तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया।
- आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, दो मिसफायर कारतूस और मोबाइल बरामद।
- पूछताछ में सोशल मीडिया पर वर्चस्व और दहशत फैलाने के लिए वीडियो बनाने की बात स्वीकार।
- गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया।
तकनीकी जांच से हुई पहचान, वाहन जांच में दबोचे गए आरोपी
जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान पैनी गांव निवासी मुकेश सिंह के रूप में हुई। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि वीडियो में शामिल युवक अपने साथियों के साथ बारा-कोसमा रोड से गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने कोसमा रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान पैनी गांव निवासी मुकेश सिंह, कोसमा गांव निवासी मिथलेश कुमार यादव और प्रमोद यादव के रूप में हुई। पूछताछ में मुकेश सिंह ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में वही दिखाई दे रहा है। उसने बताया कि वीडियो में प्रमोद यादव हथियार पकड़े हुए था, जबकि मिथलेश कुमार यादव वीडियो बना रहा था। तीनों ने मिलकर वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने की बात स्वीकार की।
वर्चस्व कायम करने के लिए बनाया था वीडियो, पुलिस ने दी चेतावनी
तलाशी के दौरान मिथलेश कुमार यादव के पास से एक देशी कट्टा, एक मिसफायर कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि मुकेश सिंह के पास से एक देशी कट्टा, एक मिसफायर कारतूस और एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करने और लोगों में भय पैदा करने के उद्देश्य से उन्होंने हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। इस मामले में इमामगंज थाना कांड संख्या 176/26 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस हथियारों के स्रोत और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, हर्ष फायरिंग या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें – राजस्व विभाग में मचा हड़कंप! 9 और अंचल अधिकारियों पर कार्रवाई, कुल संख्या 32 हुई
