न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अविनाश श्रीवास्तव / सासाराम: खबर रोहतास जिला के डेहरी से है। कल से ही सोन नदी के पानी में लगातार वृद्धि हो रही है। जिसको देखते हुए जल संसाधन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन किसानों एवं पशुपालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए है। बता दें कि कल जहां दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी विभिन्न बराज के माध्यम से सोन नदी में पहुंच गया। जिसके बाद इसके जलस्तर में अचानक वृद्धि हुई है।
वहीं सोन नदी के बीच में कहीं-कहीं ऊंचा स्थान है। जो बालू का टीला बन गया है। उन जगहों पर कुछ स्थानीय किसान परवल, खीरा आदि मौसमी सब्जी की खेती करते हैं तथा मवेशी भी रखते हैं। उन लोगों को निर्देश दिया गया है कि समय रहते सोन नदी के बीच के ऊंचे स्थान टीला को छोड़ दें क्योंकि पानी के स्तर में कभी भी वृद्धि हो सकती है।
वहीं दूसरी और सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह के पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। जलस्तर पूरी तरह से नियंत्रण में है। नॉर्थ कोयल सहित अन्य जलाशय से दो लाख क्यूसेक पानी पहुंचा था। जिस कारण जल स्तर में वृद्धि हुई है। लेकिन अब फिलहाल स्थिति स्थिर हो गई है। वर्तमान परिवेश में खतरे की कोई बात नहीं है। लेकिन सोन नदी के बीच ऊंचे स्थान पर तथा सोन नदी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लोग सोन नदी के बीच में कई जगह जो ऊंचा स्थान है। वहां खेती करते हैं, वे लोग नाव के माध्यम से वहां से निकलने लगे हैं। लेकिन अभी भी कई लोग अपनी खेती बचाने तथा मवेशी को लेकर वहीं पर हैं। बता दें की बरसात में सोन नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। अतिरिक्त पानी होने पर उसे सीधे नदी में छोड़ दिया जाता है। फिलहाल इंद्रपुरी के सोन बारात से भी अतिरिक्त पानी को विभिन्न नहरो में भी छोड़ा जा रहा है।
