न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार/मुंगेर: दरअसल यह पूरा मामला मुंगेर के एप्रोच पथ की है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा। उत्पात पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप एप्रोच पथ के रास्ते खगड़िया की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद आइटीसी दूध फैक्ट्री के समीप वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में लकड़ी की गुंडी के अंदर छिपाकर रखी गई 297.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से चालक छोटू कुमार, जो बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र के मैदान गांव का रहने वाला है, उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब झारखंड से लोड की गई थी और इसे महेशकुंट के पास एक ईंट-भट्ठे के समीप दूसरे तस्कर को सौंपना था।
मद्यनिषेध विभाग अब चालक से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटा है। वाहन के कागजात और शराब की खेप से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है और विभाग को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
