दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर प्रवासी मजदूरों एवं यात्रियों की घर वापसी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/सहरसा: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर प्रवासी मजदूरों एवं यात्रियों की घर वापसी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान सहरसा जंक्शन पर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधन की ओर से बताया गया कि सहरसा जंक्शन पर प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए डीएम ने स्टेशन परिसर से लेकर आसपास की सड़कों तक एलईडी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया। इन स्क्रीन के माध्यम से छठ महापर्व से जुड़े गीतों और आवश्यक जागरूकता संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा बैनर, पोस्टर और होर्डिंग के जरिए प्रवासी मजदूरों एवं यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास फैली गंदगी और टिकट काउंटर के सामने रखे डस्टबिन की नियमित सफाई नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन परिसर में नियमित और समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, एसपी विक्रम सिहाग ने भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला प्रशासन ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है।
