न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: पटना समेत पूरे जिले में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में पांचवीं तक की कक्षाओं के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
20 जून तक प्रभावी रहेगा आदेश
यह आदेश 20 जून तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, छठी से आठवीं तक की कक्षाएं भी सिर्फ सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। इसके बाद किसी भी स्थिति में पठन-पाठन की अनुमति नहीं होगी। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि बढ़ती गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
अभी गर्मी से राहत नहीं
दरअसल, पटना समेत बिहार के कई जिलों में इन दिनों तापमान लगातार ऊपर रह रहा है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कुछ स्कूलों में समर वैकेशन खत्म होने के बाद पढ़ाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन को लेकर यह सख्त कदम उठाया है।
ऑर्डर को लेकर सख्त प्रशासन
गौरतलब है कि जिले के कुछ निजी विद्यालयों में गर्मी की छुट्टियां अभी जारी हैं, जबकि कई स्कूलों में समर वैकेशन समाप्त होने के बाद कक्षाएं शुरू कर दी गई थीं। ऐसे में प्रशासन के नए आदेश के बाद स्कूल प्रबंधन को समय-सारिणी में बदलाव करना होगा। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दें।
