न्यूज 11 भारत / पटना न्यूज : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित 5,000 गृह रक्षकों के दीक्षांत एवं पारण परेड समारोह में में हिस्सा लिया। यह परेड पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली और नए जवानों के फॉर्मेशन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव और गृह विभाग सहित बिहार पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी एवं महानिदेशक भी मंच पर मौजूद रहे।
5,000 जवानों की बड़ी ताकत
बिहार पुलिस की पूरक शक्ति के रूप में काम करने वाली गृह रक्षा वाहिनी में एक साथ 5,000 नए और कड़े प्रशिक्षण से गुजरे जवान शामिल हुए हैं। सभी नवनामांकित रक्षकों को बुनियादी सैन्य विधाओं, आपदा प्रबंधन, अत्याधुनिक हथियारों को संभालने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण का व्यापक एवं आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है। इस पासिंग आउट परेड में बड़ी संख्या में महिला गृह रक्षक जवानों ने भी हिस्सा लिया।
सुरक्षा बुनियादी ढांचा होगा मजबूत: सीएम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नए जवानों का हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि, ‘प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई अनुशासन की बातें अब जमीन पर उतारने का समय आ गया है। जनता की सुरक्षा और सहायता ही हमारा पहला धर्म होना चाहिए।’ बिहार सरकार होमगार्ड के जवानों के लिए आधुनिक बैरकों, बेहतर आवासीय सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर लगातार निवेश कर रही है, ताकि वे बिना किसी चिंता के अपनी सेवाएं दे सकें। बदलते दौर के साथ कानून व्यवस्था की चुनौतियां भी बदली हैं। मुख्यमंत्री ने जवानों से साइबर सुरक्षा, तकनीक के उपयोग और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील की।
