Voice of Eastern India

बिहार में वज्रपात का कहर, भैंस चराते वक्त आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत


न्यूज 11 भारत बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी:
बिहार के गया जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत भदवर थाना क्षेत्र के कीसूनचक गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश यादव (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। 

बिजली गिरते ही मौत

जानकारी के अनुसार, दिनेश यादव रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से भैंस चराने निकले थे। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर बीजूआ बरवाडीह स्थित हरिईयाटाड़ में वह अपने मवेशियों को चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में तेज गर्जना होने लगी और देखते ही देखते आकाशीय बिजली सीधे दिनेश यादव पर आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। ग्रामीण जब दौड़कर मौके पर पहुंचे तो दिनेश जमीन पर गिरे पड़े थे। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद भदवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को तत्काल सरकारी सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनेश यादव के निधन से परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। ऐसे में सरकार को आपदा राहत कोष से मुआवजा, आवास योजना का लाभ और बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है, बावजूद इसके लोगों को सुरक्षित रहने के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं मिल पा रही है। उन्होंने प्रशासन से गांवों में वज्रपात से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.