न्यूज 11 भारत/ बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। जानकारी मिली है कि इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज 11:30 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। उसके बाद सीएम सम्राट आज 1 बजे की फ्लाइट से दिल्ली से पटना के लिए रवाना होंगे।
कई मुद्दों पर गहन मंथन
बता दें कि सीएम सम्राट दिल्ली दौरे के लिए गुरुवार को ही रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली का उनका यह तीसरा अहम दौरा है। पटना से दिल्ली के लिए होने वाली इस हाई-प्रोफाइल रवानगी का मुख्य उद्देश्य बिहार सरकार के कामकाज और संगठन के विस्तार से जुड़े कई आंतरिक और संवेदनशील मुद्दों पर भी गहन मंथन करना है। खबर यह भी है कि सीएम सम्राट चौधरी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार मुलाकात कर सकते हैं।
तीसरा दल्ली दौरा क्यों है खास
सम्राट चौधरी का यह दिल्ली दौरा कई मायनों में बेहद अलग माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि यह केवल एक सामान्य शिष्टाचार यात्रा नहीं है। सरकार बनने के शुरुआती महीनों के बाद अब प्रशासनिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं को नए सिरे से तय किया जा रहा है। दिल्ली के इस मंच पर राज्य के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ केंद्रीय योजनाओं को बिहार में तेजी से लागू करने पर भी बातचीत होगी।
एमएलसी चुनाव और संगठन के विस्तार पर चर्चा
इस दौरे के केंद्र में बिहार विधान परिषद की खाली हो रही सीटें हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा आलाकमान के साथ बैठकर उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बिहार में नए राजनीतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि सम्राट चौधरी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से भी मिल सकते हैं।
