Voice of Eastern India

साइकिल चला रही बच्ची को 10 रुपये का लालच देकर 8 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, आरोपी फरार


न्यूज 11 भारत /  बिहार डेस्क 

सरफराज आलम / लखीसराय –  लखीसराय जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची देर शाम गांव की सड़क पर साइकिल चला रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे 10 रुपये देने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहां युवक ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

हाईलाइट्स – 

  • लखीसराय के मानिकपुर थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना
  • आरोपी ने 10 रुपये का लालच देकर सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
  • गंभीर हालत में बच्ची को सदर अस्पताल लखीसराय में भर्ती कराया गया
  • आरोपी घटना के बाद फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी

रोने की आवाज सुन पहुंचे परिजन, पुलिस को दी गई सूचना

घटना के बाद बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम और सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस और परिजनों की मदद से बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सूर्यगढ़ा ले जाया गया।

सदर अस्पताल में इलाज जारी, आरोपी की तलाश में छापेमारी

CHC सूर्यगढ़ा में डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है। 

इसे भी पढ़ें – नेपाल बॉर्डर से चल रहा था नकली नोटों का खेल, STF और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने इंटरनेशनल तस्कर को दबोचा

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.