न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान और वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी की देखरेख में हुई।
विशेष टीम हुई थी गठित
पुलिस को विभिन्न तरीकों से की गई ठगी की सूचना मिली थी। चंडीगढ़ साइबर थाना पुलिस भी चंडीगढ़ (साइबर थाना) कांड संख्या 70/26 के फरार/संदिग्ध अभियुक्तों के खिलाफ तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई के लिए नवादा आई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर वारसलीगंज थाना प्रभारी ने एक टीम का गठन किया।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
इस टीम में वारसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम चैनपुरा के पास छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चंडीगढ़ (साइबर थाना) कांड संख्या 70/23 से संबंधित कोई सूत्र नहीं मिला, लेकिन तीन अन्य साइबर अपराधियों को पकड़ा गया। इनके पास से कुल 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
लोन के नाम पर ठगी
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में पता चला कि वे मुद्रा फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और अन्य कंपनियों के नाम पर विभिन्न प्रकार के लोन दिलाने का झांसा देते थे। वे ग्राहकों के मोबाइल नंबर, नाम और पते सहित प्राप्त कस्टमर डेटा का उपयोग कर लोगों से संपर्क करते और लोन देने के नाम पर ठगी करते थे। इस संबंध में वारसलीगंज थाना में कांड संख्या 457/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार है:
- 1. अंकित कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता स्व. बुधन सिंह, निवासी जवाहर पार्क, थाना वारसलीगंज, जिला नवादा।
- 2. सत्यवीर कुमार, उम्र 25 वर्ष, पिता रामचरित्र सिंह, निवासी चैनपुरा, थाना वारसलीगंज, जिला नवादा।
- 3. सन्नी कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता स्व. सूरज सिंह, निवासी चैनपुरा, थाना वारसलीगंज, जिला नवादा।
