न्यूज 11 भारत : पटना डेस्क : बिहार में सरकार-संगठन के बीच बेहतर समन्वय को ध्यान में रखते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी पांच सहयोगी दलों के जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक का आयोजन 10 जुलाई को लोक सेवक आवास परिसर में होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि पहली बार एक साथ सभी सहयोगी दलों के जिला स्तर के संगठनात्मक नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री का सीधा संवाद होगा। बैठक में पूर्व सीएम नीतीश कुमार के अलावा भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
मिली जानकारी के अनुसार, सीएम संगठन के पदाधिकारियों से जिलों की राजनीतिक स्थिति, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसरोकार के मुद्दों तथा गठबंधन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा होगी। इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, जन शिकायतों का जल्द समाधान और सरकार के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना जताई जा रही है।
अपनी तरह की पहली बड़ी बैठक
मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रत्येक जिले की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की सक्रियता, बूथ स्तर की तैयारियों तथा गठबंधन सहयोगियों के बीच समन्वय पर चर्चा होने की उम्मीद है। एनडीए सरकार बनने के बाद यह अपनी तरह की पहली व्यापक बैठक मानी जा रही है, जिसमें गठबंधन के सभी पांच दलों के जिला अध्यक्ष एक मंच पर मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे। राजनीतिक हलकों की नजर इस बैठक पर टिकी है, क्योंकि इससे सरकार और गठबंधन की आगे की रणनीति के संकेत मिलने की संभावना है। कहा जा रहा है कि बैठक के निष्कर्षों के आधार पर आगामी दिनों में संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
