न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना : जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके लिए उन्होंने कैंपेनिंग भी शुरू कर दी है। इस सीट पर कायस्थों की संख्या अधिक है।
जनजन के नेता पीके
इस बीच टीएमसी से राज्यसभा सांसद और बिहारी बाबू के नाम मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने पीके का समर्थन किया है। शत्रुघ्न सिन्हा भी कायस्थ हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि बिहार में राजनीतिक धमाका!!!! सबसे काबिल, दूरदर्शी, बेहतरीन बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर तरफ़ पसंद किए जाने वाले व चर्चा में रहने वाले प्रशांत किशोर आख़िरकार चुनावी मैदान में उतर आए हैं।
जनता के बीच हलचल
पटना, बिहार में उपचुनाव में उतरकर उन्होंने राजनीतिक हलकों और पूरे देश की जनता के बीच ज़बरदस्त हलचल मचा दी है। एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते, मुझे यह ख़बर राजनीतिक रूप से बेहद दिलचस्प और ज़बरदस्त लगती है। आज ‘सबकी एकता’ की ज़रूरत है; उम्मीद, इच्छा और प्रार्थना है कि आम लोग और ख़ासकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करेंगे। जय बिहार! जय हिंद!
आज भाजपा के उम्मीदवार का ऐलान
बता दें कि पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा आज अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। बीजेपी उम्मीदवारों की सूची में अजीत कुमार लाली का नाम सबसे आगे है। वे पटना नगर भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं। अजीत कुमार लाली वैश्य समाज से आते हैं। वे करीब तीन दशक से भाजपा में सक्रिय हैं। उन्हें मंत्री नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। वे लंबे समय तक नितिन नवीन के साथ जुड़े रहे हैं। लोगों के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ है। अजीत कुमार लाली के अलावा नील रतन घोष का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल है। इस बीच नितिन नवीन आज पटना पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवार की घोषणा से पहले वे पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
11 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे पीके
जनसुराज सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव के लिए 11 जुलाई शनिवार को नामांकन दाखिल करेंगे। उपचुनाव को लेकर नामांकन की प्रकिया सोमवार से शुरू है। पर्चा 13 जुलाई तक भरा जा सकेगा। 30 जुलाई को वोटिंग होगी। जबकि नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।
RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को बनाया उम्मीदवार
वहीं, RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। रेखा गुप्ता भी वैश्य समाज से आती हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी रेखा गुप्ता RJD की ओर से उम्मीदवार थीं। हालांकि, वे बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन से हार गईं थी।
