न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना से 4 शहरों के बीच रैपिड रेल चलाई जाएगी। सम्राट कैबिनेट ने चार रूट पर रैपिड ट्रेन चलाने के लिए डीपीआर तैयार करने की मंजूरी प्रदान की है। पटना से मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, आरा और गयाजी के बीच इन चार अलग-अलग रूटों पर रैपिड रेल का परिचालन किया जाएगा। सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया है। सम्राट कैबिनेट में अन्य कई अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लगी है। जिसके तहत पटना एम्स का विस्तार किया जाएगा। वहीं, 3 जिलों में केंद्रीय विद्यालयों के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है।
3 जिलों में केंद्रीय विद्यालयों के लिए जमीन
बता दें कि मधुबनी, मुंगेर और मुजफ्फरपुर जिले में नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए जमीन हस्तांतरण को बिहार कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इन जिलों में 5-5 एकड़ जमीन केंद्र सरकार को 1 रुपये के टोकन लीज पर 30 साल के लिए जमीन दी जाएगी।
मछली पालकों के लिए BAIDCL का गठन
मत्स्य पालन और जलीय कृषि केंद्र को बढ़ावा देने के लिए बिहार एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (BAIDCL) का गठन किया जाएगा। इसकी मंजूरी राज्य कैबिनेट से मिल गई है। सम्राट चौधरी ने कहा कि आधुनिक मत्स्य अवसंरचना के विकास, निवेश को प्रोत्साहन देने, रोजगार सृजन तथा मत्स्य पालकों की आय में बढ़ोतरी के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
