Voice of Eastern India

पटना में सहयोग शिविर की शुरुआत, अब हर महीने सीधे आपके वार्ड में आकर जनसमस्याएं दूर करेगा नगर निगम


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क ( पूजा, पटना) बिहार सरकार की जन शिकायत निवारण एवं सुशासन को मजबूत करने की मुहिम के तहत राजधानी पटना में एक बड़ी पहल होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन-केंद्रित, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए पटना नगर निगम “सहयोग शिविर” का आयोजन करने जा रहा है। अब शहरवासियों को अपनी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे, बल्कि हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को नगर निगम खुद उनके वार्ड और अंचल में पहुंचकर समस्याओं का समाधान करेगा।

इसी कड़ी में आगामी मंगलवार, 2 जून 2026 को सुबह 10:00 बजे से पटना के सभी अंचलों में पहले सहयोग शिविर की शुरुआत होने जा रही है।

2 जून को कहाँ-कहाँ लगेंगे शिविर? नोट कर लें अपने अंचल का पता

मंगलवार को पटना के अलग-अलग अंचलों के निर्धारित स्थलों पर इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा:

  • नूतन राजधानी अंचल: मुरलीचक प्राथमिक विद्यालय, जगदेव पथ।

  • पाटलिपुत्र अंचल: गुरु सहाय लेन स्थित सामुदायिक भवन।

  • बांकीपुर अंचल: कदमकुआं स्थित सामुदायिक भवन।

  • कंकड़बाग अंचल: जल संसाधन कार्यालय (करबिगहिया बिजली ऑफिस के सामने)।

  • अजीमाबाद अंचल: उर्दू मध्य विद्यालय, नरकट घाट।

  • पटना सिटी अंचल: विश्वकर्मा सामुदायिक भवन, बाहरी बेगमपुर मंडी।

30 दिन पहले ही ली जाएगी शिकायत; ऑन-स्पॉट निपटारे की तैयारी

सहयोग शिविरों को केवल कागजी खानापूर्ति से बचाने और परिणामोन्मुख (Result-Oriented) बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने एक अनूठी व्यवस्था की है:

  • शिविर के आयोजन से 30 दिन पहले से ही नागरिकों से आवेदन और परिवाद पत्र प्राप्त करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

  • प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभाग के अधिकारी पहले से ही शुरुआती कार्रवाई (प्रारंभिक एक्शन) पूरी रखेंगे, ताकि शिविर के दिन सीधे अंतिम समाधान या अद्यतन रिपोर्ट आवेदक के सामने पेश की जा सके।

घर बैठे चैटबॉट या टोल-फ्री नंबर से भी दर्ज कराएं शिकायत

नागरिक अपनी शिकायतें और आवेदन अपने नजदीकी अंचल कार्यालय (Zone Office) में जाकर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल माध्यमों का उपयोग करके शिविर से पहले ही अपनी बात दर्ज कराई जा सकती है:

  • वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर: 9264447449

  • टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 155304

  • सभी प्राप्त आवेदनों का विधिवत डिजिटल पंजीकरण किया जाएगा। शिकायतों पर जो भी कार्रवाई होगी, उसकी लिखित रिपोर्ट तय समय-सीमा के भीतर सीधे आवेदक को उपलब्ध कराई जाएगी।

कर संग्राहक से लेकर सीनियर अधिकारी तक, वार्ड में तैनात रहेगी टीम

वार्ड स्तर पर लगने वाले इन कैंपों में जवाबदेही तय करने के लिए कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति तय की गई है। शिविर में संबंधित वार्ड के कर संग्राहक (Tax Collectors), सफाई पर्यवेक्षक (Sanitation Supervisors) और सफाई निरीक्षक मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officers) और नगर निगम मुख्यालय के सभी सीनियर अधिकारी अपने सीधे निर्देशन में इन तैयारियों की निगरानी करेंगे।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी सुनवाई

इस पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और जनता के करीब लाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। इन शिविरों का आयोजन क्षेत्र के माननीय सांसद, विधायक, महापौर (Mayor), उप महापौर (Deputy Mayor), वार्ड पार्षद और पटना जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में होगा।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.