Voice of Eastern India

STF और गया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 870 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / शेरघाटी :
बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गया पुलिस और बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के डोभी समेकित जांच चौकी पर संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 870 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर पंजाब के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गुप्त सूचना पर चला अभियान 

पुलिस के अनुसार, बिहार एसटीएफ और गया जिला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक ट्रक बिहार के रास्ते पंजाब जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और बाराचट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने डोभी समेकित जांच चौकी पर विशेष जांच अभियान शुरू किया। आने-जाने वाले भारी वाहनों की सघन तलाशी ली जाने लगी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक (पंजीकरण संख्या PB-05AB-9181) को रोककर उसकी गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक में विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया 870 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया।

ओडिशा से पंजाब जा रही थी गांजे की खेप 

बाराचट्टी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने शुक्रवार को मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब निवासी परमिंदर सिंह (चालक) और जस्सी (खलासी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से पंजाब ले जाई जा रही थी। दोनों आरोपित लंबे समय से अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।

तस्करों से पूछताछ जारी 

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर गिरोह के एक अन्य मुख्य सदस्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश होगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह के तार ओडिशा, बिहार और पंजाब से जुड़े हो सकते हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इससे पहले इस नेटवर्क के जरिए कितनी बार नशीले पदार्थों की खेप विभिन्न राज्यों में भेजी जा चुकी है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज 

पुलिस ने बरामद गांजा, ट्रक और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.