न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज बाईपास निर्माण को लेकर बड़ी खबर है। 4.8 हेक्टेयर वन भूमि के अपयोजन को स्टेज-1 की मंजूरी मिल गई है। 12.60 किलोमीटर लंबा यह बाईपास एनएच-27 को एनएच-531 से जोड़ेगा। बाईपास बनने से शहर में भारी और बाहरी वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
गोपालगंज बाईपास निर्माण परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो गई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 28 अगस्त को 26 शर्तों के साथ वन भूमि अपयोजन की स्टेज-1 मंजूरी दी है।
करीब 10 हजार 351 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह बाईपास 12.60 किलोमीटर लंबा और दो लेन का होगा। इसका निर्माण एनएच-27 के दानापुर से एनएच-531 के तुरकाहां तक किया जाना है।
बाईपास बनने के बाद शहर के अंदर भारी और बाहरी वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी और व्यापार, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
परियोजना के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया भी जारी है। जिला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।
