न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
शंभू भगत / भागलपुर : भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो टोला पानी टंकी के समीप पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में सागर कुमार, उसकी मां शीला देवी और शकुंतला देवी को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के हॉटस्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है। श्रावणी मेला को देखते हुए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अकबरनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हरियो टोला स्थित एक घर में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर सागर कुमार, शीला देवी और शकुंतला देवी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान मौके से 2 किलो 400 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाते थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
