न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर बिहार सरकार की स्वास्थ्य योजना का दायरा उच्च शिक्षण संस्थानों तक बढ़ाने की अपील की है।
उपेंद्र कुशवाहा का कहना है कि वर्तमान में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को स्वास्थ्य योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मी इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, इसलिए इन्हें भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना चाहिए।
आरएलएम ने कहा कि इस फैसले से हजारों शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनरों को गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी। पार्टी ने मुख्यमंत्री से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के सभी पात्र कर्मियों को भी स्वास्थ्य योजना के दायरे में शामिल करने की अपील की है।
