न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना में खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर फैजल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी पर कोर्ट के अगले आदेश तक रोक रहेगी। यह आदेश पटना सिविल कोर्ट ने शनिवार को सुनवाई के दौरान दिया। अगली सुनवाई 25 जून (गुरुवार) को होगी।
3 स्टाफ को भी कोर्ट से ‘नो कोर्सिव’
इसके अलावा खान सर के 3 स्टाफ को भी कोर्ट से ‘नो कोर्सिव’ मिला है। मतलब अगले आदेश तक उनपर भी कोई कार्रवाई नहीं होगी। सुनवाई के दौरान पुलिस ने अपडेट केस डायरी कोर्ट में पेश की।
दहशत फैलाने के लिए फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस ने डायरी में माना है कि दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई थी। हालांकि, अपडेटेड केस डायरी पढ़ने के बाद ही जज कोई फैसला सुनाएंगे। वहीं, आज खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हुई। कोर्ट ने 25 जून दोनों गार्ड्स को न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। गार्ड्स की जमानत याचिका पर 25 जून को ही सुनवाई होगी।
