न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज / गया जी: गया शहर के फल्गु नदी स्थित रबर डैम में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैरव स्थान गोदावरी निवासी करण कुमार (16) नदी में डूब गया। परिजनों के अनुसार करण सुबह करीब 10:30 बजे चाय पीकर मोहल्ले के तीन-चार दोस्तों के साथ फल्गु नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान एक अन्य बच्चा डूबने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में करण गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही विष्णुपद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। विष्णुपद थाना के एसआई विजय कुमार सिंह ने बताया कि करीब 12 बजे सूचना मिली कि एक किशोर स्नान के दौरान डूब गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है, इसलिए संबंधित थाना को सूचना दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई और खोजबीन में जुटी है।
एसआई विजय कुमार सिंह ने बताया कि किशोर के साथ मौजूद अन्य बच्चों ने बताया कि सभी नदी में नहा रहे थे, तभी हादसा हुआ। फिलहाल SDRF/NDRF टीम को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
करण के परिजन करुमानजी ने बताया कि अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा था। स्थानीय लोग भी नदी में किशोर की तलाश में जुटे हुए हैं।
