न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अभिषेक राज / गया : गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गया की ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 को छोटकी कुंजेसर गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए एएनएमएमसीएच भेजा गया तथा एफएसएल और तकनीकी टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
इमामगंज थाना कांड संख्या 264/26 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और सूचना के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने के छह घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार, राजा आलम उर्फ बुग्लू, मो. मुन्ना तथा एक महिला शामिल हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध को लेकर हुए विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
