Voice of Eastern India

दूध टैंकर की चपेट में आने से सरकारी शिक्षक की मौत, सड़क जाम


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
राहुल कुमार/शेरघाटी:
इमामगंज-बांकेबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशनगंज थाना क्षेत्र के मंजरी खुर्द गांव निवासी मोहम्मद हबीबुल्लाह अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा एवं अन्य मांगों को लेकर इमामगंज-बांकेबाजार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बताया जाता है कि हबीबुल्लाह अंसारी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बांकेबाजार क्षेत्र में इमामगंज की ओर जा रहे दूध टैंकर की चपेट में उनकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

2005 से बच्चों को पढ़ा रहे थे शिक्षक

ग्रामीणों के अनुसार, हबीबुल्लाह अंसारी वर्ष 2005 से मंजरी खुर्द स्थित उर्दू विद्यालय में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। करीब दो दशक तक उन्होंने गांव के बच्चों को शिक्षा दी। हादसे की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद चालक पर भागने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद दूध टैंकर का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि टैंकर को बांकेबाजार के बलथरवा के आसपास खड़ा कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश और घटना की जांच की जा रही है।

मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम

शिक्षक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि परिवार ने अपना कमाऊ और महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया है। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

घटना की सूचना मिलने पर रोशनगंज थाना अध्यक्ष, बांकेबाजार थाना अध्यक्ष, बीडीओ और सीओ समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और नियमानुसार सहायता एवं कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारण और चालक की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी। वहीं, एक शिक्षक की असमय मौत से मंजरी खुर्द गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.