न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राजू राज / दानापुर : पटना में केंद्रीय विद्यालय खगौल की 10वीं कक्षा की छात्रा के अचानक लापता होने और रेलवे ट्रैक के पास उसका स्कूल बैग व ड्रेस मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा के परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी गुमटी के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। साथ ही इ लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
बताया जाता है कि खगौल थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले संजय कुमार की पुत्री सपना कुमारी सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी। करीब डेढ़ बजे स्कूल की छुट्टी हुई, लेकिन दो बजे तक वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने स्कूल में जानकारी ली तो पता चला कि छात्रा छुट्टी के बाद स्कूल से निकल चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और शाम करीब चार बजे थाने में लिखित आवेदन दिया।
इसी बीच सरारी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर छात्रा का स्कूल बैग और ड्रेस मिलने की सूचना से परिजनों की चिंता बढ़ गई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सरारी-बिहटा मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहीं खगौल और शाहपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद छात्रा की तलाश में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। पुलिस छात्रा की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजन छात्रा की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
