बिहार के इस शहर में अब हाईटेक तकनीक से कटेगा चालान, रात के अंधेरे में भी गाड़ी की नंबर प्लेट करेगा स्कैन
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : बिहार के पूर्णिया जिले में अब यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर फर्राटा भरना वाहन चालकों को भारी पड़ने वाला है। अब ट्रैफिक पुलिस आपको सड़क पर रोक-टोक नहीं करेगी, बल्कि आपके नियमों को तोड़ते ही घर बैठे ऑनलाइन चालान पहुंच जाएगा। जिले में यातायात व्यवस्था को हाईटेक करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए 10 प्रमुख जगहों पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान यानी एएनपीआर (ANPR) कैमरे लगाए जा रहे हैं।
गाड़ी का पूरा ‘कच्चा चिट्ठा’ स्कैन करेगा कैमरा
यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने एएनपीआर कैमरा लगाने की योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कैमरा इतना एडवांस है कि गाड़ी के गुजरते ही क्षण भर में उसकी नंबर प्लेट को स्कैन कर वाहन मालिक का पूरा ब्योरा निकाल लेता है। इन कैमरों की सीधी मॉनिटरिंग पटना स्थित मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। भागलपुर के बाद अब पूर्णिया में इस हाईटेक सिस्टम को चालू किया जा रहा है।
पूर्णिया के इन 10 चिन्हित स्थानों पर लग रहे हैं कैमरे
प्रशासन ने शहर के प्रवेश द्वारों और सबसे व्यस्त रहने वाले इन 10 प्रमुख चौराहों को कैमरे लगाने के लिए चिन्हित किया है- बस स्टैंड, बेलौरी चौक, कटिहार मोड़, गिरजा चौक, आरएन साह चौक, डीआईजी (DIG) चौक, भूतनाथ मंदिर रोड, मीरगंज, विशनपुर और लिबरी पुल।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों पर कसेगा शिकंजा
यह आधुनिक कैमरा खासकर बिना हेलमेट चलने वाले, बाइक पर तीन लोड (ट्रिपल राइडिंग) बैठने वाले और कार में बिना सीट बेल्ट लगाए सफर करने वाले लोगों को पल भर में पकड़ लेगा। इतना ही नहीं, नंबर प्लेट को स्कैन करते ही सिस्टम को यह भी पता चल जाएगा कि गाड़ी का इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और पॉल्यूशन (PUC) अपडेट है या फेल। इसके अलावा, सड़कों पर तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने वालों पर भी इसके जरिए नजर रखी जाएगी।
अपराधियों को पकड़ने में मिलेगी बड़ी मदद
यातायात डीएसपी ने बताया कि इस तकनीक के आने से केवल ट्रैफिक व्यवस्था ही नहीं सुधरेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी। वारदात को अंजाम देकर वाहनों से भागने वाले अपराधियों की धरपकड़ अब आसान होगी। जैसे ही कोई संदिग्ध या ब्लैकलिस्टेड वाहन इन कैमरों के सामने से गुजरेगा, यह स्वचालित रूप से नंबर प्लेट की जांच कर तुरंत पुलिस को अलर्ट भेज देगा।
क्या है ANPR कैमरा और कैसे करता है काम?
ANPR का मतलब आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन है। यह एक विशेष प्रकार का स्मार्ट सर्विलांस कैमरा है, जो गुजरते हुए वाहनों की बेहद स्पष्ट तस्वीरें या वीडियो खींचता है। इसमें लगे उन्नत ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन सॉफ्टवेयर की मदद से प्लेट पर लिखे अक्षरों और संख्याओं को कंप्यूटर डेटा में बदल दिया जाता है। यह तकनीक इतनी सटीक है कि रात के अंधेरे या खराब मौसम में भी इन्फ्रारेड लाइट की मदद से नंबर प्लेट को आसानी से पढ़ सकती है।
