Voice of Eastern India

बिहार में 3 घंटे के किए रेड अलर्ट जारी, तेज आंधी के साथ होगी मूसलाधार बारिश


न्यूज 11 भारत /  बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना:
 मौसम विभाग ने आज पटना समेत पूरे बिहार में अगले तीन घंटे के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शहर में तेज हवा के साथ लगातार बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत नहीं होने पर घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। अगले 3 घंटों के दौरान भोजपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, नालंदा, पूर्वी चंपारण, सारण और सीवान के कई स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ तेज़ हवाओं और बारिश की (ओलावृष्टि सहित) अधिक संभावना है। इस दौरान आम लोगों से घर में रहने की अपील की गई है। 

गर्मी से मिली राहत 

पटना में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार सुबह तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। जिले के विक्रम, दानापुर, बिहटा, फुलवारीशरीफ समेत कई इलाकों में बारिश हुई है। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए थे। आमतौर पर जिस समय तेज धूप और गर्मी महसूस होती थी, उस समय शहर में अंधेरा छाया हुआ था। 

सीएम सम्राट ने दिया सर्वे का निर्देश 

बिहार के कई जिलों में आज ही तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने की खबर है। इसकी जानकारी मिलने के बाद सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री ने कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को सर्वे का निर्देश दिया है। सीएम सम्राट ने एक्स पर लिखा कि फसल और पेड़ों पर लगे फलों के नुकसान का होगा आकलन किया जाएगा। इसके बाद प्रभावित किसानों को उचित राहत प्रदान की जाएगी। 

भीषण गर्मी के बाद मिली राहत

पिछले कई दिनों से पटना में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी था। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया था। गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 29 मई से 2 जून तक क्लास वन से फाइव तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था। वहीं, क्लास 6 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए स्कूलों का संचालन सुबह 10:30 बजे तक ही करने का आदेश जारी किया गया है।

कई इलाकों में जलजमाव

लगातार हो रही बारिश के कारण पटना के कई निचले इलाकों में हल्का जल जमाव भी देखने को मिला है। कुछ सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। हालांकि बारिश के बावजूद लोगों के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दी, क्योंकि लंबे समय बाद राजधानी को तपती गर्मी से राहत मिली है।

पूरे दिन बना रह सकता है ऐसा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पटना में पूरे दिन इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.