न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में मानसून की एंट्री हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और मधुबनी में मानसून पहुंच चुका है। 72 घंटे के अंदर पूरे बिहार में मानसून एक्टिव हो जाएगा। आज यानी शुक्रवार को पूरे राज्य में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना, गया समेत 18 जिलों में ऑरेंज और सीतामढ़ी, दरभंगा समेत 20 जिलों में यलो अलर्ट है। गुरुवार को भारी बारिश के बीच बिजली गिरने से बिहार के 5 जिलों में 10 लोगों की जान ले ली। सभी मौतें कोसी-सीमांचल और पूर्वी बिहार में हुई।
आकाशीय बिजली से 10 की मौत
आकाशीय बिजली से सबसे ज्यादा तबाही खगड़िया में मची, जहां तीन पीढ़ियों ने एक साथ दम तोड़ दिया। मक्का काट रहे दादा, बेटे और पोते की ठनका से मौत हो गई। वहीं जिले के बेलदौर के नारदपुर और लवघड़िया बहियार में बिजली की चपेट में आने से दो की मौत हुई। 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मधेपुरा के आलमनगर में एक दंपती की जान चली गई। भागलपुर के नारायणपुर में, सहरसा और जमुई में भी ठनका से तीन लोगों की मौत हो गई।
समय से पहले बिहार में क्यों पहुंचा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र काफी मजबूत है। इसके अलावा पूर्वी भारत में अनुकूल वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण मानसून ने बिहार में सामान्य तिथि से पहले दस्तक दी है। खाड़ी से आने वाली नम हवा लगातार उत्तर और उत्तर-पूर्व बिहार की ओर बढ़ रही हैं, जिससे मानसून को तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिली है। यही स्थिति बनी रही तो अगले 2-3 दिनों में पूरे बिहार में मानसून सक्रिय हो जाएगा और अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
कई जिलों में हो रही बारिश
बिहार के उत्तर-पूर्वी और सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में बारिश शुरू हो चुकी है। किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और मधुबनी में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 3 से 5 दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मानसून सक्रिय होने पर कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
