बिहार में शिक्षक नियुक्ति के चौथे चरण में सीटों की संख्या फिर बढ़ सकती है। विभिन्न जिलों से शिक्षा विभाग को 76 नए रिक्त पदों की सूचना मिली है।
सांकेतिक तस्वीर
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: बिहार में शिक्षक नियुक्ति के चौथे चरण में सीटों की संख्या फिर बढ़ सकती है। विभिन्न जिलों से शिक्षा विभाग को 76 नए रिक्त पदों की सूचना मिली है। राज्य मुख्यालय इन पदों को भी टीआरई-4 की नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल कराने की तैयारी कर रहा है।
विभागीय स्तर पर जिलों से प्राप्त रिक्तियों का सत्यापन व पदों का वर्गीकरण किया जा रहा है। टीआरई-4 के तहत फिलहाल 33320 पदों पर नियुक्ति होनी है। इनमें माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के पद भी शामिल हैं।
इससे पहले 32288 पदों का विज्ञापन जारी किया गया था। बाद में माध्यमिक स्तर के 493 और उच्च माध्यमिक स्तर के 439 पद जोड़कर कुल रिक्तियों की संख्या 33320 की गई थी। अब 76 नए पदों की सूचना मिलने से कुल सीटों में फिर बढ़ोतरी की संभावना है। नये पदों की रिक्तियां कृषि से जुड़ी हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से स्कूलवार और विषयवार रिक्त पदों का ब्योरा मांगा था। कई जिलों ने जानकारी भेजी है, जो पूर्व में भेजी गई अधियाचना में शामिल नहीं हो सके थे। विभाग अब इन पदों की उपयोगिता, स्वीकृति और आरक्षण रोस्टर की जांच कर रहा है।
शिक्षक भर्ती के लिए अभ्यर्थी 26 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें चयन सिंगल रिटन एग्जाम से होगा। निगेटिव मार्किंग होगी इसलिए तुक्के नहीं चलेंगे। 1/3 की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
