Voice of Eastern India

बिहार से दिल्ली-अमृतसर जाने वाले यात्री ध्यान दें! इन 13 ट्रेनों का बदला रूट 


न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग कार्य ने ट्रेनों के परिचालन का गणित बदल दिया है। नान-इंटरलाकिंग (एनआई) कार्य और तीन सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण के कारण 31 अगस्त से चार सितंबर तक तीन सवारी गाड़ियां रद रहेंगी, जबकि 13 एक्सप्रेस ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी।

इसके अलावा सात ट्रेनें 60 मिनट से लेकर पांच घंटे तक पुनर्निर्धारित कर चलाई जाएंगी। चार ट्रेनों को रास्ते में 30 से 60 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। इससे गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीवान, देवरिया सदर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रेन संख्या 55095 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी और ट्रेन संख्या 55098 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 31 अगस्त से तीन सितंबर तक रद रहेंगी। ट्रेन संख्या 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी एक से चार सितंबर तक निरस्त रहेगी। उक्त जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।

बदले रूट से चलने वाली 13 ट्रेनें

ट्रेन संख्या 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस एक और दो सितंबर को रोजा-लखनऊ-बाराबंकी-अयोध्या कैंट-वाराणसी जंक्शन-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलेगी। इससे मैंगलगंज, सीतापुर सिटी, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, घुघली, सिसवाबाजार, खड्डा, बगहा, हरिनगर, नरकटियागंज, चनपटिया, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, पिपरा, चकिया, मेहसी और मोतीपुर में ठहराव नहीं होगा।
    
ट्रेन संख्या 14674 अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस एक सितंबर तथा ट्रेन संख्या 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस दो और तीन सितंबर को भटनी-मऊ-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी मार्ग से चलेंगी। दोनों दिशाओं में गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर सहित संबंधित स्टेशनों के ठहराव प्रभावित रहेंगे।
    
ट्रेन संख्या 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस एक सितंबर को बाराबंकी-अयोध्या कैंट-वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-मऊ-भटनी होकर चलेगी। ट्रेन संख्या 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस दो सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी होकर चलेगी। दोनों ट्रेनों का गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
    
ट्रेन संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस दो और तीन सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी-लखनऊ-रोजा होकर चलेगी। ट्रेन संख्या 15565 ललितग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस तीन सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी होकर चलेगी।
    
ट्रेन संख्या 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस () एक और दो सितंबर को छपरा-औंड़िहार-जौनपुर-अयोध्या कैंट-बाराबंकी होकर चलेगी। दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12565) तीन सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-कानपुर सेंट्रल मार्ग से चलेगी।
    
ट्रेन संख्या 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दो सितंबर को लखनऊ-सुलतानपुर-वाराणसी जंक्शन-छपरा होकर चलेगी। ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस एक और दो सितंबर को बाराबंकी-अयोध्या कैंट-शाहगंज-मऊ-भटनी-सीवान-थावे-कप्तानगंज होकर चलेगी।
    
ट्रेन संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल और ट्रेन संख्या 02569 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल तीन सितंबर को छपरा-औंड़िहार-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-कानपुर सेंट्रल मार्ग से चलेंगी। इन ट्रेनों के भी गोरखपुर, सीवान, देवरिया सदर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होंगे।

लेट चलने वाली 7 ट्रेनें 

ट्रेन संख्या 55040 बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 30 अगस्त से तीन सितंबर तक 240 मिनट पुनर्निर्धारित रहेगी। ट्रेन संख्या 15274 आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस 31 अगस्त को 60 मिनट, ट्रेन संख्या 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस दो सितंबर को 300 मिनट और ट्रेन संख्या 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस तीन सितंबर को 300 मिनट पुनर्निर्धारित की जाएगी।

ट्रेन संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस तीन सितंबर को 240 मिनट, ट्रेन संख्या 19037 बांद्रा टर्मिनल-बरौनी अवध एक्सप्रेस 31 अगस्त को 120 मिनट तथा ट्रेन संख्या 15705 कटिहार-दिल्ली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस तीन सितंबर को 75 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जाएगी।

चार ट्रेनें रास्ते में कंट्रोल होंगी 

ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस तीन सितंबर को वाराणसी मंडल में 45 मिनट नियंत्रित की जाएगी। ट्रेन संख्या 15655 कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 31 अगस्त को वाराणसी मंडल में 45 मिनट नियंत्रित रहेगी।

ट्रेन संख्या 15274 आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस 31 अगस्त और चार सितंबर को लखनऊ मंडल में 60 मिनट नियंत्रित की जाएगी। ट्रेन संख्या 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी अवध एक्सप्रेस 30 अगस्त को उत्तर रेलवे में 30 मिनट और लखनऊ मंडल में 45 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.