न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना: आम जनता की समस्या समाधान के लिए पटना में 2 जून को 41 पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जाएगा। पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने इस सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा भी की।
जन जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश
इस समीक्षा विजिट के दौरान उन्होंने सभी बीडीओ और सीओ को जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस शिविर का लाभ मिल सके।
पदाधिकारियों की हुई तैनाती
इस मौके पर डीएम ने कहा कि शिविरों के सफल आयोजन के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो। इस शिविर में सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
19 विभागों के लगेंगे काउंटर
मिली जानकारी के अनुसार 2 जून को आयोजित होने वाले इस सहयोग शिविरों में 19 विभागों के काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों में आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
