न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
दिवाकर कुमार / मुंगेर – बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बढ़ी हुई दर पर पेंशन राशि का भुगतान बुधवार को किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में मई 2026 माह की पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुंगेर समाहरणालय के संवाद कक्ष में किया गया, जहां जिला पदाधिकारी निखिल धनराज की उपस्थिति में अधिकारियों एवं पेंशनधारियों ने कार्यक्रम को देखा। मुख्यमंत्री का संदेश भी लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से लाइव दिखाया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अजीत कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा राजीव रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) गुंजन मौली सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे।
हाइलाइट्स –
- मुंगेर के 1,21,696 पेंशनधारियों को बढ़ी हुई पेंशन राशि का भुगतान।
- मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से राशि का अंतरण किया।
- लाभार्थियों को 1,100 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन मिली।
- कुल 14.14 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में भेजे गए।
- जिले में छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं।
- वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को मिला लाभ।
- समाहरणालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।
जिले में 1.21 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिला लाभ
मुंगेर जिले में वर्तमान समय में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की छह प्रमुख योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 61,313, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 28,521, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 11,521, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 6,965, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,088 तथा बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना के 12,288 लाभार्थी शामिल हैं। इस प्रकार जिले में कुल 1,21,696 पेंशनधारी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। सरकार द्वारा सभी पात्र लाभार्थियों को बढ़ी हुई दर से 1,100 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से मई 2026 की पेंशन राशि उनके बैंक खातों में सीधे भेजी गई।
सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता
बढ़ी हुई पेंशन राशि के भुगतान के लिए कुल 14 करोड़ 14 लाख 33 हजार 100 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन राशि उपलब्ध हो और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बढ़ी हुई पेंशन राशि से जिले के हजारों परिवारों को राहत मिलेगी तथा उनके जीवनयापन में आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा।
इसे भी पढ़ें – कैमूर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन दबाव में आरोपी दंपत्ति सलाखों के पीछे
