Voice of Eastern India

मुंगेर में हाईटेक होगा कांवरिया पथ, शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर सतर्क प्रशासन 


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
रोहित कुमार / मुंगेर :
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का आगाज 30 जुलाई से होने जा रहा है। लाखों शिवभक्तों के स्वागत और उनकी सुरक्षा के लिए मुंगेर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कच्ची कांवरिया पथ पर सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और मूलभूत सुविधाओं तक हर व्यवस्था को हाईटेक बनाया गया है। खास बात यह है कि 28 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन करेंगे। जिसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। 

105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ का 26 किलोमीटर हिस्सा मुंगेर जिले में पड़ता है, जहां लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मेले का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर रवाना होगा। इधर मुंगेर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने पूरे कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर पूरे हों ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान डीएम ने टेंट सिटी, पेयजल, शौचालय, धर्मशाला, विश्राम स्थल और अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता भी जांची तथा कांवरियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने इस वर्ष की तैयारियों पर संतोष जताया। साथ ही बताया कि इस बार एक शिव टनल भी बनाया गया है जो मेले को और भव्यता प्रदान करेगा।

वही कांवरिया पथ पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 26 किलोमीटर के दायरे में 13 अस्थायी पुलिस आउट पोस्ट बनाए गए हैं। चार कंपनी अतिरिक्त पुलिस बल, दूसरे जिलों से आए जवान, घुड़सवार दस्ता, क्यूआरटी टीम और सादे लिबास के साथ कांवरिया वेशभूषा में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। और पूरे मार्ग पर एआई आधारित स्मार्ट सीसीटीवी कैमरे और फेस रिकग्निशन सिस्टम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम रहे, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था को भी पूरी तरह मजबूत किया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैफिक डीएसपी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे, जबकि डीएसपी रैंक के अधिकारी रोजाना कांवरिया पथ का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

हाईटेक सुरक्षा, बेहतर सुविधाएं और प्रशासन की चौकस निगरानी के बीच इस बार का श्रावणी मेला पहले से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अब सबकी निगाहें कल होने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उद्घाटन समारोह पर टिकी हैं, जिसके साथ ही आस्था, सेवा और सुरक्षा का यह महापर्व औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.