न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के नवादा में उत्पाद विभाग ने एक लग्जरी गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। यह शराब वाहन के इंडिकेटर में बने गुप्त तहखाने में छुपाई गई थी। जब्त की गई शराब ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की’ ब्रांड की थी, जिसमें 180 मिलीलीटर के 676 टेट्रा पैक शामिल थे। इसकी कुल मात्रा 121.680 लीटर है।
झारखंड निवासी युवक गिरफ्तार
शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई गाड़ी सफेद रंग की महिंद्रा मराज़ो थी। इस मामले में बोकारो, झारखंड निवासी संजय कुमार साव को गिरफ्तार किया गया है। संजय कुमार साव अवैध शराब के व्यापार और परिवहन में शामिल बताया गया है।
पूछताछ जारी
यह कार्रवाई रजौली स्थित समेकित जाँच चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने गुप्त तहखाने का पता लगाकर शराब और आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त से आगे की पूछताछ जारी है। 10 लाख की गाड़ी से शराब की कारोबारी की जा रही थी।
