Voice of Eastern India

लुटुआ के जंगल में CRPF का सर्च ऑपरेशन, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी :
नक्सल प्रभावित लुटुआ थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को विशेष सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (SADO) चलाकर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को जंगल में छिपाकर रखा था, जिनका उपयोग भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।

जंगल क्षेत्र में चला सर्च अभियान 

जानकारी के अनुसार 47वीं बटालियन CRPF के कमांडेंट अवधेश कुमार के निर्देशन में डी/47 बटालियन सोनदाहा के सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में CRPF जवानों और लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह लुटुआ थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से करीब 1.5 किलोमीटर पश्चिम स्थित जंगल क्षेत्र में सर्च एंड डिस्ट्रॉय अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध स्थान से बड़ी मात्रा में हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद हुई।

बरामद किए गए सामान

बरामद सामानों में एक भरमार बंदूक, AK-47 के पांच जिंदा कारतूस, AK-47 का एक खाली खोखा, एसएलआर के दो जिंदा कारतूस, एसएलआर का एक खाली खोखा, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 12 वोल्ट की एक बैटरी, हथियारों की सफाई में प्रयुक्त एसएलआर पुल-थ्रू के पांच उपकरण तथा करीब 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर शामिल हैं। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, लगातार चलाए जा रहे सघन अभियान और सुरक्षा बलों की बढ़ती दबिश के कारण नक्सली संगठन कमजोर पड़ते जा रहे हैं। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में बरामद सामग्री से यह संकेत मिलता है कि असामाजिक तत्वों अथवा नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री को जंगल में छिपाकर रखा था।

आम लोगों को बना सकते थे निशाना 

अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों का उद्देश्य भविष्य में सुरक्षा बलों या आम लोगों को निशाना बनाकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देना हो सकता था, लेकिन समय रहते सुरक्षा बलों की कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चल रहे अभियानों के कारण उनकी गतिविधियां सीमित होती जा रही हैं।

लुटुआ थाने में सौंपी गई सामग्री

बरामद सभी हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए लुटुआ थाना को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास के जंगलों में भी सुरक्षा बलों द्वारा सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.