वैशाली के महनार प्रखंड क्षेत्र के अब्दुल्ला चौक ओपी अंतर्गत बासुदेवपुर चंदेल पंचायत के वार्ड संख्या 6 में सोमवार की देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली: वैशाली के महनार प्रखंड क्षेत्र के अब्दुल्ला चौक ओपी अंतर्गत बासुदेवपुर चंदेल पंचायत के वार्ड संख्या 6 में सोमवार की देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी सहित करीब 12 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात चोर छत की सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद छत पर रखे करकट को हटाकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। घर के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने गोलू कुमार सिंह एवं अमरेश कुमार सिंह के कमरों को निशाना बनाया। चोर दोनों कमरों से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है।
गृहस्वामी गोलू कुमार सिंह ने बताया कि उनके गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की समस्या के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द चोरों तक पहुंच पाती है।
