न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पूर्व मध्य रेल के यात्री जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नई पैसेंजर ट्रेन में सफर कर सकेंगे। रेलवे दिसंबर तक नई डिजाइन वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन की रैक देगा। इस ट्रेन की बोगी में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आधुनिक कमोड टॉयलेट और वॉश बेसिन की सुविधा रहेगी। महिला कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे। इन ट्रेनों से पटना सहित विभिन्न जिलों में आने-जाने वाले यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव होगा। रेलवे का उद्देश्य पैसेंजर ट्रेनों को भी एक्सप्रेस की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है।
हर बोगी में टॉयलेट और बेसिन
परंपरागत लोकल ट्रेनों में टॉयलेट की व्यवस्था नहीं होती है। लंबी दूरी में यात्रियों को समस्याएं हो रही थीं। इसको देखते हुए रेलवे ने नई डिजाइन वाले कोचों में साफ-सुथरे कमोड और आधुनिक वॉश बेसिन की व्यवस्था की है। सीटों के पास मोबाइल चार्जिंग सॉकेट्स लगाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान फोन डिस्चार्ज होने की चिंता हमेशा के लिए खत्म हो सके।
महिला सुरक्षा के लिए सीसीटीवी
नई रैक वाली ट्रेन के महिला कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे सुरक्षा बल और कंट्रोल रूम डिब्बों की लाइव मॉनिटरिंग कर सकेंगे। इस कदम से असामाजिक तत्वों पर लगाम कसेगी और महिलाएं बिना किसी डर के यात्रा कर सकेंगी। इसके अलावा महिला कोच में पुरुष यात्रियों के प्रवेश पर भी आरपीएफ की नजर रहेगी।
नो-जर्क तकनीक वाले डिब्बे
पुरानी लोकल ट्रेनों में अचानक ब्रेक लगने या रफ्तार पकड़ने के दौरान यात्रियों को तेज झटके महसूस होते हैं। नए डिब्बों में एडवांस कपलिंग सिस्टम का उपयोग किया गया है। इस ‘नो-जर्क’ तकनीक की बदौलत ट्रेन की आवाजाही पूरी तरह से झटके-मुक्त और स्थिर होगी। बोगियों में साउंड-इन्सुलेशन को बेहतर किया गया है, जिससे पटरियों और पहियों का भारी शोर अंदर नहीं आएगा। इसके अलावा नए इंटीरियर, बेहतर वेंटिलेशन, एलईडी लाइटिंग और आरामदायक सीटों से यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
