न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क: बेतिया में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लौरिया थाना क्षेत्र के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पराउ टोला में एक परिवार में नवजात बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी खुशी में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने के लिए जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और सीधे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में मौजूद लोगों को कुचलते हुए जा घुसी।
बस के भीड़ में घुसते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम चल रहा था। जिस घर में नवजात के छठियार को लेकर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, नरकटियागंज एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह, सदर एसडीपीओ अजीत कुमार और लौरिया बीडीओ संजीव कुमार समेत सात थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते पूरा घटनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ लोग ट्रक में रखे गैस सिलेंडर में आग लगाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को रोक लिया। इसके बाद भी घटनास्थल पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
फिलहाल पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने पराउ टोला की उस खुशी को मातम में बदल दिया, जहां कुछ घंटे पहले तक नवजात के छठियार को लेकर जश्न का माहौल था।
