न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के नवादा जिले में उत्पाद विभाग पुलिस ने आज सुबह ड्रोन की मदद से जंगल में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अकबरपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर कोलवा पहाड़ी जंगल में चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।
6000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त
छापेमारी दल ने मौके से 6000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया, जिसे घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, 505 लीटर तैयार महुआ शराब भी बरामद की गई। बरामद शराब का अधिकांश हिस्सा मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष सामग्री को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा गया है।
शराब कारोबारियों के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी
इस पूरे अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने किया। टीम ने शराब कारोबारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उत्पाद विभाग ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व जहरीली शराब बनाकर लोगों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। ऐसी शराब का सेवन जानलेवा हो सकता है और कई बार मौत का कारण भी बन जाता है।
स्थानीय लोगों से अपील
विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब बनाने व बेचने वालों की सूचना तुरंत उत्पाद टीम या पुलिस को दें। जनता के सहयोग से ही शराब माफिया को पूरी तरह जड़ से खत्म किया जा सकता है। पुलिस और उत्पाद विभाग ऐसे अभियानों के जरिए शराब तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रहे हैं।
