Voice of Eastern India

पटना समेत 17 जिलों में लू का अलर्ट


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में निर्धारित समय से पहले मानसून पहुंच गया, लेकिन प्रदेश में सामान्य बारिश भी नहीं हो रही है। उत्तर और पूर्व के कुछ जिलों में ही बारिश हो रही है। अधिकतर जिलों में चिलचिलाती धूप निकलने के साथ-साथ गर्म हवा चल रही है। इससे लू जैसे हालात बन गए हैं।

2-4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को पटना समेत कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 22 जून तक पश्चिम और मध्य बिहार के कई जिलों में हीट वेव और कुछ जगहों पर वॉर्म नाइट की स्थिति रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

इन जिलों में लू जैसे हालात

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिम और मध्य बिहार के पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और आसपास के जिलों में लू जैसे हालात बने हैं। इन जिलों में दिनभर चिलचिलाती धूप निकलने के साथ साथ गर्म हवा चल रही है। इससे लोग तिखि गर्मी अधिक महसूस कर रहे हैं।

आकाशीय बिजली से 4 लोगों की मौत

वैशाली के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 2 युवकों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना बीरपुर करारी टोला और शिवनगर गांव में हुई। मृतकों की पहचान बीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 के 23 साल के विवेक कुमार, 19 साल के पीयूष कुमार और शिवनगर की 57 साल की पानो देवी के रूप में हुई है। वहीं अभिषेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं शेखपुरा में शुक्रवार देर शाम बिजली गिरने से एक 58 साल के किसान की मौत हो गई। घटना मेहूस थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के बघार में हुई। मृतक की पहचान फरीदपुर गांव के नरेश यादव के रूप में हुई है। नरेश यादव मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। वो पेड़ के नीचे छिपे थे।

मानसून के बीच लू की चेतावनी क्यों

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में मानसून कमजोर है। इसके साथ ही पश्चिमी गर्म हवा चल रही है। इससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मानसून के दौरान बादल और बारिश तापमान को नियंत्रित रखता है, लेकिन वर्तमान में बारिश की गतिविधियां कमजोर होने से गर्मी बढ़ गई है। यही वजह है कि मानसून की मौजूदगी के बावजूद हीट वेव जैसी स्थिति बन रही है।

पटना में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी में अगले 3 दिनों तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी रहने की संभावना है। दिन का तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन भारी बारिश के आसार नहीं है। रात के तापमान में भी अधिक गिरावट नहीं होगी, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ सकता है।

हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। बुजुर्ग, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग और खुले में काम करने वाले मजदूर सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.