Voice of Eastern India

बगहा में पति ने गन्ने के खेत में पत्नी का गला घोंटा, फिर आम के पेड़ से लटकाया शव


बिहार के बगहा से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां महज दो साल पहले सात जनम साथ निभाने का वादा कर प्रेम विवाह करने वाले एक पति ने ही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। लौकरिया थाना क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड को छुपाने के लिए आरोपी ने बकायदा एक साजिश रची और शव को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। लेकिन रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

पहले लाठी-कुदाल से पीटा, जान बचाने खेत में भागी तो छाती पर बैठकर घोंटा गला

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान 24 वर्षीय हेमलता कुमारी के रूप में हुई है। दो साल पहले ही उसने अपने पति से लव मैरिज की थी। घटना के दिन किसी बात को लेकर हुए विवाद में हैवान बने पति ने पहले घर के भीतर ही हेमलता को लाठी और कुदाल से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पति के चंगुल से किसी तरह अपनी जान बचाकर लहूलुहान हेमलता पास के गन्ने के खेत की तरफ भागी। लेकिन कसाई बने पति ने उसे खेत में खदेड़कर दबोच लिया। आरोपी उसके ऊपर बैठ गया और तब तक कड़ाई से गला दबाता रहा, जब तक कि हेमलता की सांसें हमेशा के लिए थम नहीं गईं।

हत्या को ‘आत्महत्या’ साबित करने की रची थी साजिश, FSL टीम ने पकड़ा झूठ

पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति कानून की नजरों से बचने के लिए शातिराना साजिश रचने लगा। उसने हेमलता के शव को गन्ने के खेत से निकाला और पास के ही एक आम के बगीचे में ले गया। वहां उसने मृतिका के ही दुपट्टे का फंदा बनाकर शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि दुनिया को लगे कि उसने सुसाइड किया है। घटना की सूचना मिलते ही लौकरिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की। FSL की जांच में ही साफ हो गया कि मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि मर्डर का है।

एसपी के निर्देश पर SDPO रागिनी कुमारी ने किया केस का बड़ा खुलासा

बगहा एसपी के कड़े निर्देश के बाद रामनगर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO) रागिनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मामले की कमान संभाली। एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने जब अपनी पैनी नजरों से घटनास्थल और मृतिका के शरीर पर मौजूद चोट के निशानों को देखा, तो आरोपी पति का झूठ ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को रंगे हाथों (साक्ष्यों के आधार पर) गिरफ्तार कर लिया है।

दो साल में ही उजड़ गया सपनों का संसार

इस घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस बात से हैरान हैं कि जिस कपल ने दो साल पहले समाज की परवाह न करते हुए प्रेम विवाह किया था, उसका अंत इतना वीभत्स होगा। पुलिस फिलहाल आरोपी पति से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और इस साजिश में शामिल अन्य पहलुओं को पूरी तरह सामने लाया जा सके।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.