न्यूज 11 भारत / पटना : बेतिया-मझौलिया रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का आगामी 3 जुलाई को निरीक्षण किया जाएगा। इसको लेकर पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। हाजीपुर मुख्यालय से जारी अधिसूचना के अनुसार, तीन जुलाई तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (प्री-एनआई), नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) एवं सीआरएस निरीक्षण के कारण कई ट्रेनों को कैंसिल आंशिक रूप से समाप्त, रूट परिवर्तित और पुनर्निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के बाद शुरू होगी ट्रेन सेवा
यह व्यवस्था समस्तीपुर मंडल के बेतिया-मझौलिया दोहरीकरण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए की गई है। निरीक्षण सफल होने के बाद इस रेलखंड पर दोहरी लाइन से ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा।
रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
दो एवं तीन जुलाई को नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर तथा मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 63342 एवं 63309 कैंसिल रहेंगी। वहीं तीन जुलाई को मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज पैसेंजर (63341) का भी परिचालन रद्द रहेगा।
इन ट्रेनों का आंशिक संचालन
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को ट्रेन संख्या 15215 मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज इंटरसिटी स्पेशल का परिचालन केवल सुगौली तक होगा। वहीं 15216 नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर इंटरसिटी स्पेशल सुगौली से रवाना होगी। इसके अलावा 14010 एवं 14009 एक्सप्रेस को भी एक जुलाई को नरकटियागंज तक ही चलाया जाएगा।
इन ट्रेनों का बदला रूट
13 एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदला गया है। एक्सप्रेस ट्रेनों को बेतिया-सुगौली मार्ग के बजाय रक्सौल-सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर अथवा अन्य वैकल्पिक रूटों से चलाया जाएगा। इनमें अवध एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, चंपारण हमसफर, गरीब रथ, अमृतसर-दरभंगा, कोलकाता-अमृतसर समेत कुल 13 ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलाव दो ट्रेनों का समय भी बदला गया है। ट्रेन संख्या 12211 एवं 12557 को 3 जुलाई को मुजफ्फरपुर से दो घंटे एवं तीन घंटे विलंब से रवाना किया जाएगा।
