डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास ईसा मसीह की प्रार्थना से लौट रहे विकास मित्र शंकर मांझी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अभिषेक राज/गया जी: डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास रविवार रात करीब 9 बजे ईसा मसीह की प्रार्थना से लौट रहे विकास मित्र शंकर मांझी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय शंकर अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी से प्रार्थना कर घर लौट रहे थे। पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे शंकर पर घात लगाए अपराधियों ने फायरिंग कर दी।
परिजनों के अनुसार, शंकर को तीन गोलियां लगीं। दो गोली पेट और एक माथे में लगी, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी कविता देवी ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाले युवक की पहचान रघु के रूप में की है। परिजनों ने रघु के अलावा बंटी, खोड़ा और सुनीता देवी समेत अन्य लोगों पर भी हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिनव कुमार, डीएसपी धर्मेंद्र भारती और डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
