न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनीष कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा समिति के सदस्यों तथा विभिन्न पंचायतों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
बैठक में मुहर्रम जुलूस के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीओ मनीष कुमार ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान, अनुशासन एवं भाईचारे का प्रतीक पर्व है। इसकी गरिमा बनाए रखते हुए सभी लोगों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
नियम उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार के धारदार हथियारों का प्रदर्शन, लहराना अथवा सार्वजनिक प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं आयोजकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। बिना अनुमति मार्ग परिवर्तन अथवा कार्यक्रम में बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया की होगी मॉनिटरिंग
एसडीओ ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, भड़काऊ नारेबाजी करने, अफवाह फैलाने अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। साइबर एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि सामने आने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। जुलूस मार्गों, चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं पुलिस गश्ती दलों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। एसडीओ ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न संवेदनशील स्थलों की समीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां-जहां पूर्व में विवाद अथवा तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रही है, उन सभी स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त ब्रैकेटिंग (सुरक्षा घेरा) की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मंदिर परिसरों, धार्मिक स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ रहेगी। जुलूस के दौरान इन स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच आपसी विश्वास एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
शांति बनाए रखने की अपील
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी स्नेहिल आनंद, अंचलाधिकारी उषा कुमारी, नगर परिषद करपालक ऋचा प्रियदर्शनी, राजस्व पदाधिकारी अमित कुमार, थाना प्रभारी, फायर ऑफिसर,सहित अन्य अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने बिजली, पेयजल, सड़क एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया। बैठक में नीयाज अहमद, प्रखंड उप प्रमुख लाल बहादुर शास्त्री, पूर्व वार्ड पार्षद रामलखन पासवान, कंचन कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष दीनानाथ पांडेय, अरुण चंद्रवंशी, कचौड़ी पंचायत के मुखिया किशोर यादव समेत विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अखाड़ा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
